बहादुरगढ़। झज्जर रोड से सेक्टर-6, 7 की ओर जाने वाले रोड पर सोमवार रात बारिश के दौरान टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से जिन दो युवकों की करंट लगने से मौत हुई उनके शवों का मंगलवार को शहर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ।
सेक्टर-6 थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव पीड़ित परिजनों को सौंप दिए। दोनों युवक फर्नीचर का काम करते थे। हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों दुकान से अपने घर लौट रहे थे। हादसे का शिकार हुआ सहरान (28) यूपी के जिला मुज्जफरनगर के गांव मीरापुरा का और आमिर (25) शामली के गांव खेड़ा कुर्तान का रहने वाला था। दोनों सेक्टर-नाँ में किराए के मकान में रहते थे। सहरान तीन बच्चों का पिता था।
आमिर की शादी डेढ़ वर्ष पहले ही हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। दोनों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। आमिर घर में इकलौता कमाने वाला था। होली के मौके पर दोनों अपने गांव गए थे और 16 मार्च को ही बहादुरगढ़ लौटे थे।
अब यह हादसा हो गया। सेक्टर-6 पुलिस ने हादसे में मौत की रिपोर्ट दर्ज की है। घटनास्थल के नजदीक रहने वाले सुमन व ललित कुमार ने बताया कि घटना रात करीब 8 बजे के आसपास की है। बाइक पर सवार होकर से दो युवक यहां से गुजर रहे थे। इस दौरान तेज बारिश के साथ हवा चल रही थी। बिजली का तार टूट कर पानी में गिर गया।
जिससे पानी में तेज करंट प्रवाहित हो गया। इस दौरान ये युवक उसमें गिर गए और करंट से दोनों की मौत हो गई। सुमन व ललित ने बताया कि पानी में भयंकर करंट था, इसलिए वे युवकों को बचाने की कोशिश भी नहीं कर पाए। अगर और कोई भी वहां जाता तो हादसे का शिकार हो सकता था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली कट करवाई। तब जाकर दोनों युवकों को यहां से अस्पताल भिजवाया गया।