झज्जर। सेक्टर-6 निवासी व्यापारी से फोन पर 50 लाख की रंगदारी मांगी गई है। पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉल डिटेल खंगालने में लगी है। पुलिस ने व्यापारी को सुरक्षा मुहैया करवा दी है।
पुलिस को दी शिकायत में व्यापारी ने कहा है कि उसने कनाड़ा के नंबर से कॉल आई और उससे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। फिरौती न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉल डिटेल लेकर उसकी जांच कर रही है। पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। वह आरोपियों की तलाश में जुटी है और उम्मीद है कि आरोपियों का पता लगने के बाद ही खुलासा किया जाएगा। फिरौती मांगने के बाद व्यापारी ने अपनी दुकान समय से पहले बंद कर दी थी और घर चला गया था। बताया यहां तक जा रहा है कि व्यापारी खुद नहीं चाहता कि यह मामला सुर्खियों में आए। हालांकि पुलिस ने उसे आश्वासन दिया है कि उसे व उसके परिवार को कुछ नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस ने व्यापारी को सुरक्षा उपलब्ध करवा दी है। इस मामले में शहर थाना प्रभारी बलदेव से बात की गई तो उन्होंने भी किसी भी प्रकार की जानकारी उपलब्ध कराने से इंकार कर दिया।