बहादुरगढ़। वार्ड 20 में टूटी सड़क पर सफर कर रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है। पावर हाउस चौक से विश्वकर्मा चौक रेलवे रोड तक सड़क का निर्माण होगा। 51 लाख से यह सड़क बनाई जाएगी।
इस मार्ग पर काफी दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जे किए गए हैं। इस संबंध में भी लोगों द्वारा कई बार नगर परिषद अधिकारियों को शिकायत दी गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब लोगों का कहना है कि सड़क तो नगर परिषद की ओर से बनाई जाएगी, लेकिन मार्ग से अवैध कब्जों को भी पहले हटवाया जाना चाहिए। अन्यथा सड़क की चौड़ाई बेहद कम होगी और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान चेयरपर्सन सरोज राठी, वाइस चेयरमैन पालेराम शर्मा, पूर्व चेयरमैन कर्मवीर राठी, भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मवीर वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्णचंद्र, पार्षद राजेश तंवर, पवन रोहिल्ला, अनिल सिंगल, उमेश सहगल, मनोज वशिष्ठ मौजूद रहे। यह सड़क डेढ़ माह में बनकर तैयार हो जाएगी।
चार वर्ष पहले पावर हाउस चौक से विश्वकर्मा चौक के साथ लगती ड्रेन पर सड़क का निर्माण किया गया था। इसके बाद यह सड़क पूरी तरह टूट गई थी। अनेकों बार वार्ड वासियों ने नगर परिषद अधिकारियों और नेताओं से सड़क का निर्माण कराने की मांग की, लेकिन लोग समस्या से जूझते रहे। अब नगर परिषद की ओर से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क की लंबाई करीब डेढ़ किलोमीटर है। सड़क बनने के बाद लोगों को काफी फायदा होगा। वार्ड वासी सतेंद्र सिंह, विक्रम, सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इस सड़क के निर्माण कार्य की तो शुरुआत हो गई है, लेकिन सड़क निर्माण से पहले नगर परिषद को अवैध कब्जों को तोड़ना चाहिए। ताकि सड़क चौड़ी बने और लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
-फोटो 56 : सड़क निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शुभारंभ करते पूर्व विधायक नरेश कौशिक, व अन्य।