झज्जर। आंबेडकर चौक पर सड़क का निर्माण का काम पूरा हो चुका है। शुक्रवार से सड़क को दुपहिया और कार आदि हल्के वाहनों के लिए खोलने की तैयारी है। हालांकि बड़े वाहनों के लिए मार्ग अभी बंद रहेगा।
एक-डेढ़ साल से आंबेडकर चौक की हालत खराब थी। इस चौक पर गहरे गड्ढे हो चुके थे, जिस कारण आए दिन हादसे हो रहे थे। व्यापारी भी काफी समय से पीडब्ल्यूडी बीएंडआर से सड़क निर्माण की मांग कर चुके थे। तीन जून को चारों तरफ से मुख्य मार्गों को बंद कर सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया गया था। लगभग चार से पांच दिन में सीसी सड़क बनकर तैयार हो गई थी। उसके बाद सड़क को पूरी तरह से पक्का करने के लिए मिट्टी, पानी लगातार डाला जा रहा है। उम्मीद है कि अगले दस से पंद्रह दिन में इस सड़क को आवागमन के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। फिलहाल शुक्रवार से स्कूटर, बाइक व कार के लिए इन मार्गों को खोला जा सकता है। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के जेई सतीश कुमार ने बताया कि शुक्रवार से छोटे वाहनों के लिए रास्ता खोल दिया जाएगा। बडे़ वाहनों के लिए अभी समय लगेगा।