बहादुरगढ़। रोहतक-दिल्ली रोड पर ओमैक्स परिसर के पास सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग बुरी तरह से जख्मी हो गया। गंभीर हालत में उसे बहादुरगढ़ के ट्रॉमा सेंटर लाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लाइनपार क्षेत्र के वार्ड-5 का निवासी भोपाल सिंह (73) जब ओमैक्स के सामने वाले कट के पास सड़क पर कहीं जा रहा था तो वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक फरार हो गया। राहगीरों ने देखा तो बुजुर्ग को संभाला। लोग उसे ट्रॉमा सेंटर में लाए। यहां डाक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए ट्रॉमा सेंटर के शवगृह में रखवा दिया।