झज्जर। श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या से लाए गए पावन अक्षत काे रविवार झज्जर के भक्तों ने नमन किया और राम भक्तों ने धूमधाम से नगर परिक्रमा की। संत समाज के सानिध्य में अक्षत परिक्रमा एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा में नगर की 3000 सौभाग्यवती महिलाएं शामिल हुई और धार्मिक भजनों पर थिरकती नजर आई। डीजे की धुन पर सभी भक्त झूम उठे और शहर जयश्रीराम के जयघोष से गुंजायमान रहा।
नगर परिक्रमा में संत समाज के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक झांकियाें ने लोगों का मन मोह लिया। इसमें खास तौर पर नृत्य करने वाले हनुमान जी, मुकुटधारी हनुमान जी और 101 बाल स्वरूप हनुमान जी भी शामिल रहे। नगर परिक्रमा में पांच डीजे के साथ-साथ भजन मंडलियां भी भजन गाते हुए संत समाज के आगे चली। कलश यात्रा के दौरान पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रही। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला एवं पुरुष पुलिस बल भी यात्रा के साथ-साथ चलता रहा। वहीं कलश यात्रा से पहले ही प्रशासन ने आंबेडकर चौक के गड्ढों को बालू रेत से भर दिया था ताकि पैदल कलश यात्रियों को परेशानी न हो। जबकि ये गहरे गड्ढे काफी समय से बने हुए हैं। यहां से प्रशासनिक अधिकारी व राजनेता प्रतिदिन गुजरते हैं।
इन जगहों से होकर गुजरी कलश यात्रा
कलश यात्रा का शुभारंभ श्रीराम मंदिर से किया गया। यह यात्रा पूर्व सुनिश्चित मार्ग से होती हुई सिलानी गेट, यादव धर्मशाला, आंबेडकर चौक, मेन बाजार, चौपटा बाजार से होते हुए सिद्ध बाबा प्रसाद गिरि मंदिर में संपन्न हुई। यात्रा संपन्न होने पर केले, संतरे, कचौरी, कड़ी-चावल आदि का प्रसाद वितरित किया गया। जगह-जगह स्वच्छ पानी की उचित व्यवस्था की गई थी। यात्रा में 10 ढोल व पांच ताशों का प्रबंध था, जोकि भक्तों में जोश भर रहा था।
दो क्विंटल से अधिक पुष्पों की वर्षा हुई
यात्रा के दौरान संत समाज व भक्तजनों पर जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई। इस दौरान करीब 2 क्विंटल से अधिक गेंदा, गुलाब व अन्य फूलों की व्यवस्था गाजीपुर मंडी से की गई थी। बुजुर्ग महिलाओं को लाने के लिए ई-रिक्शा व ट्रैक्टर-ट्राॅली का भी प्रबंध किया गया था। नगर परिक्रमा एवं कलश यात्रा में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री प्रेम शंकर, आदेश, मनमोहन खंडेलवाल, जगदीश ऐलनाबादी, मनु शर्मा, हरज्ञान कौशिक, जयपाल लाम्बा, विनीत पोपली, ईश्वर सिंघल, विकास शर्मा उर्फ लवली, मयंक हिंदुस्तानी, भारत, उमेश नंदवानी, प्रमोद बंसल, जिले सिंह सैनी, प्रकाश चंद्र गर्ग, विवेक हरित, दिनेश छिक्कारा, प्रवीण गर्ग, विनोद गर्ग, प्रेम शंकर व अन्य मौजूद रहे।