बहादुरगढ़। जल्द ही बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन नए लुक में नजर आएगा। अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का नवीनीकरण करने का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य तीव्र गति से हो रहा है। जुलाई तक निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। स्टेशन के निर्माण में 25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अब तक 50 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। जैसे ही निर्माण कार्य पूरा होगा, उसके बाद स्टेशन पर फिनिशिंग का कार्य शुरू हो जाएगा।
रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर बनाया जा रहा है। अगस्त 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टेशन के नवीनीकरण का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया था। बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन को अति सुंदर व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर विश्वस्तरीय स्टेशन बनाया जाएगा। रेल मंत्रालय ने अपनी योजना के तहत बहादुरगढ़ स्टेशन को विस्तार और विकास कार्यों के लिए चिह्नित किया था। स्टेशन पर विद्युत, पार्किंग, वेटिंग एरिया, लैण्ड स्केपिंग जैसे क्षेत्रों में विस्तार किया जाएगा।
यह मिलेंगी सुविधाएं
बहादुरगढ़ रेलवे लाइन के दूसरी तरफ लाइनपार क्षेत्र में भी स्टेशन का भवन बनेगा और वहीं रेलवे टिकट घर बनेगा। स्टेशन की दूसरी एंट्री के लिए सिटी प्लानर के अनुसार दूसरी एंट्री और सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, पार्सल, वेटिंग हॉल, प्लेटफार्म, रिटायरिंग रूम, कार्यालयों में फर्नीचर, बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार दिव्यांगजन सुविधाएं, एलईडी आधारित स्टेशन नाम बोर्ड व लाइटिंग, महिलाओं, दिव्यांगजनों के लिए पर्याप्त शौचालय, नई सुविधाओं के निर्माण के लिए भविष्य में नए भवन की आवश्यकता, भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर रूफ प्लाजा, दूरसंचार विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार वाई-फाई का प्रावधान भी किया जाएगा।
बनाई जाएगी बड़ी पार्किंग
स्टेशन पर बड़ा पार्किंग एरिया, 24 घंटे बिजली, पीने का पानी, वातानुकूलित लॉबी, हाई स्पीड एस्केलेटर, एयर कॉनकोर्स और होटल जैसी सुविधाएं जोड़ने की प्लानिंग है। रेल अधिकारियों ने बताया कि योजना के मुताबिक सभी चयनित स्टेशन का सुधार किया जाएगा। इसी तरह स्टेशन पर प्रवेश द्वार का चौड़ीकरण, उच्च स्तरीय प्रकाश व्यवस्था, स्टेशन वेटिंग हॉल का विस्तार, स्टेशन पर उपलब्ध अनुपयोगी स्थान को जोड़ते हुए एग्जीक्यूटिव लाउंज का विस्तार, सर्कुलेटिंग एरिया के प्रत्येक तरफ साइनेज, अप्रोच सड़क का चौड़ीकरण, पैदल चलने वालों के लिए रास्ता, वाहन का प्रवेश-अस्तित्व, भूनिर्माण, दूसरा प्रवेश द्वार हरे पैच और स्थानीय कला को बढ़ावा देने के लिए कार्य किए जाने हैं। प्लेटफार्मों व शैडों की लंबाई भी बढ़ाई जाएगी।
वर्जन...
स्टेशन के नवीनीकरण का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। 50 प्रतिशत कार्य लगभग पूरा किया जा चुका है। जुलाई तक कार्य समाप्त होगा और इसके बाद फिनिशिंग का कार्य होगा।
- तरुण कुमार, ठेकेदार, वर्धमान कंस्ट्रक्शन कंपनी।