झज्जर। डीसी शक्ति सिंह ने बुधवार को समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं पर सुनवाई करते हुए उनके त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आमजन की शिकायतों को जल्द से जल्द दूर करें।
आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान राज्य सरकार व जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। डीसी द्वारा समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र, विभिन्न प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बिजली, पेयजल, स्वामित्व रजिस्ट्री सहित विभिन्न प्रकार की 38 समस्याएं सुनी गईं। समस्या के समाधान करवाने के लिए आए नागरिक ने बताया कि वह वृद्धावस्था सम्मान पेंशन के लिए आए थे। अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए मौके पर ही समस्या का समाधान कर दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले से वह बहुत ही खुश हैं। समाधान शिविरों में प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, स्थानीय निकाय से अनापत्ति प्रमाण पत्र, नगर पालिकाओं से नक्शे की स्वीकृति, समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन, राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली, अपराध से संबंधित शिकायतों, बिजली, सिंचाई, जन स्वास्थ्य से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जा रही है। इस अवसर पर एसीपी संजय कुमार, डीआरओ प्रमोद चहल, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, स्वास्थ्य विभाग से डाॅ. यशपाल सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी विरेंद्र सिंह उपस्थित थे।