झज्जर। उपायुक्त शक्ति सिंह ने कहा कि जिले में हरियाणा उदय के तहत विलेज जन संवाद, पौधरोपण, गांवों में रात्रि ठहराव, विलेज संसद, स्वच्छता अभियान, राहगिरी, पुलिस की पाठशाला आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों में आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। डीसी शुक्रवार को हरियाणा उदय प्रोग्राम के संदर्भ में अधिकारियों की मीटिंग आयोजित कर रहे थे।
डीसी ने एसीपी को प्रत्येक सप्ताह राहगीरी का आयोजन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रागगीरी के दौरान पुलिस की पाठशाला आदि गतिविधियां करवाई जाएं। इसमें साइबर अपराधों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाए। इसके अलावा ट्रैफिक नियमों की पालना आदि को लेकर भी अवेयरनेस कैंपेन चलाया जाए।
गांवों में होगी युवा सांसद
डीसी ने शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि स्कूली छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली से वाकिफ करवाने के लिए गांवों में युवा संसद का आयोजन भी किया जाए। संसद की कार्यप्रणाली की तरह से संसद का आयोजन होगा जिसमें छात्र नेता व अन्य जिम्मेदारी निभाते हुए नजर आएंगे। डीसी ने कहा कि ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने से छात्रों को लाभ होगा। वह संसद की कार्यप्रणाली को बेहतर तरीके समझ पाएंगे और उनमें विभिन्न विषयों को लेकर जागरूकता पैदा होगी।इस मौके पर एडीसी सलोनी शर्मा, डीएफओ विपिन, एसडीएम बादली सतीश यादव, एसडीएम बहादुरगढ़ परमजीत सिंह, एसडीएम बेरी रविंद्र मलिक, एसडीएम झज्जर रविंद्र यादव, एसीपी संजय कुमार, बीडीपीओ युद्धवीर व राजाराम, डीडब्ल्यूओ विरेंद्र सिंह मौजूद रहे।