यूजर टैक्स के विरोध में शहर के कई पार्षदों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद के गेट पर धरना दिया। पार्षदों व लोगों ने कहा कि सफाई व्यवस्था के नाम पर लोगों की जेबों पर डाका डालना गलत है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस प्रस्तावित कर को निरस्त किया जाए। धरने में 20 से ज्यादा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और 8 पार्षद उपस्थित रहे। जबकि 4 पार्षदों ने निजी व्यस्तता के चलते फोन पर अपना विरोध व्यक्त किया। पार्षदों ने कहा कि सरकार इसे एनजीटी का आदेश बताकर गरीब जनता पर अतिरिक्त भार डाल रही है जो कि अनुचित है और अपने वार्ड की जनता का प्रतिनिधि होने के नाते हम इसके सख्त खिलाफ हैं तथा मांग करते हैं कि इसे तुरंत रद्द किया जाए और अगर जरूरी हो तो इसके लिए नगर परिषद बोर्ड की आपात बैठक भी बुलाई जा सकती है। सामाजिक प्रतिनिधियों ने एकमत से कहा कि नगर परिषद को सफाई व्यवस्था के लिए सरकार से अंशदान मिलता है। जनता पर इस तरह के कर लगाना सरासर अनैतिक है। उन्होंने कहा कि अभी सफाई पर कर लगाने की बात हो रही है। भविष्य में अन्य कार्यों के लिए भी जनता से चार्ज वसूला जाएगा। जो लोगों के लिए असहनीय होगा। उन्होंने तत्काल इस प्रस्तावित कर को निरस्त करने की गुहार लगाई। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। सामाजिक प्रतिनिधियों ने इस टैक्स के प्रति अनेकों निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर भी रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि अभी जो वार्ड पार्षद इस यूजर चार्ज का समर्थन कर रहे हैं वह अपने-अपने वार्ड की जनता से छलावा कर रहे हैं क्योंकि आने वाले समय में उनपर टैक्स के रूप में भारी-भरकम भार जो पड़ने वाला है। उन्होंने सभी पार्षदों से अनुरोध किया कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के नाते वह जनसरोकार की चिंता करें सरकार की नहीं। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन रवि खत्री, पार्षद संघ के प्रधान समुंद्र सहवाग, युवराज छिल्लर, सतप्रकाश छिकारा, जसबीर सैनी, राजेश खत्री, प्रवीण छिल्लर, वजीर राठी, आदि पार्षद मौजूद रहे। जबकि वाइस चेयरमैन विनोद कुमार, रवींद्र जाखड़, अलबेल पहलवान और नीना सतपाल राठी ने फोन पर धरने व विरोध प्रदर्शन को अपना समर्थन व्यक्त किया। सतीश तहलान, रमेश राठी, एडवोकेट सतीश छिकारा, रमन शर्मा, कृष्ण गौड़, वीरेंद्र वत्स, सचिन दीक्षित, रामकुमार दलाल, आर्य वीरेंद्र, धीरज गौतम, विनोद शर्मा, मास्टर विजयपाल, देवराज पंवार, धीरज गौतम, ऋषि सोनू भारद्वाज, संदीप चौहान, नितीश गौड़, रितेश छिकारा, संदीप कौशिक, सन्नी मलिक, प्रदीप जून, जयपाल सांगवान, सतपाल सैनी, रवींद्र सैनी, मनमोहित गुप्ता, जितेंद्र, आशीष, धर्मेंद्र यादव, धीरज बत्रा, चंद्रकांत जांगड़ा, नवीन भारद्वाज, महेंद्र सिंह राठी, सचिन दलाल, परमानंद पाराशर, मुकेश शर्मा, संदीप कुमार आदि सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।