-फोटो 68 : गोल्ड मेडल विजेता प्रिंस और कोच का किया गया स्वागत।
बहादुरगढ़। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में खेलो इंडिया रेजिडेंसियल एकेडमी में 6 से 13 अक्तूबर तक आयोजित आईडब्ल्यूएलएफ राष्ट्रीय युवा भारोत्तोलन प्रतियोगिता में गांव दहकोरा के प्रिंस रुहिल ने हरियाणा की तरफ से जूनियर के 109 किलोभार वर्ग में खेलते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
स्वर्ण पदक जीतने पर प्रिंसका गांव में जोरदार स्वागत किया गया। प्रिंस ने स्वागत समारोह के दौरान मांडौठी गोशाला और गांव के मंदिरों में आर्थिक सहयोग भी दिया। जिसे ग्रामीणों ने काफी सराहा। समारोह में प्रिंस के कोच जोगिंद्र गिल और हरियाणा भारोत्तोलन संघ के सचिव अरुण ठकरान का भी स्वागत किया गया। ग्रामीण स्वर्ण पदक विजेता प्रिंस रुहिल का रोहद टोल प्लाजा से खुली छत वाली कार में बैठाकर गांव तक विजयी जुलूस के साथ लेकर गए। यहां पर गांव में आयोजित सम्मान समारोह में ग्रामीणों ने प्रिंस रुहिल का नोटों व फूलों की माला से लाद दिया और जोदार स्वागत किया। प्रिंस ने अपनी सफलता का श्रेय दादा स्व. आजाद सिंह को दिया। प्रिंस के पिता अमन रुहिल ने बताया कि 18 वर्षीय प्रिंस महम में अभ्यास करता है। उसे भारोत्तोलन का शौक है। कोच जोगिंद्र गिल की देखरेख में वह अभ्यास करता है। प्रिंस ने हिमाचल में हुई इस प्रतियोगिता में हरियाणा की तरफ से भाग लेते हुए स्नैच में 130 किलो और क्लीन एंड जर्क में 162 किलो वजन उठाया। प्रिंस ने कुल मिलाकर 292 किलो वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।