झज्जर रोड पर बने गड्ढे और उनमें भरा पानी।
बहादुरगढ़। बारिश के बाद शहर के मार्गों की सूरत बदल गई है। सड़कों पर गड्ढे बन गए हैं। अब ये गड्ढे वाहन चालकों को दर्द दे रहे हैं। न केवल गड्ढो एक-दो फुट चौड़े हैं बल्कि कई-कई फुट चौड़े और गहरे हैं। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा खराब हालत बहादुरगढ़-बेरी मार्ग, बहादुरगढ़-झज्जर मार्ग के अलावा अन्य मार्गों की हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में वाहन फंसकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। हालांकि शहर के अंदर लाल चौंक पर बने गड्ढों में मंगलवार को संबंधित विभाग ने रोड़ियां डलवा दी। इससे वाहन चालकों की परेशानी कुछ कम तो हुई, लेकिन खत्म नहीं हुई।
इन दिनों मानसून का सीजन चल रहा है। बारिश हो रही है। सोमवार को भी क्षेत्र में 41 एमएम बारिश हुई। इससे सड़कों पर बने गड्ढों में पानी जमा हो गया। बहादुरगढ़-बेरी मार्ग पर चलने वाले वाहन चालकों रामबीर, सूरत सिंह, अनिल कुमार ने कहा कि अब इस मार्ग पर वाहन लेकर चलना तो दूर, पैदल चलना भी बेहद मुश्किल है, क्योंकि सड़क पीडीएम यूनिवर्सिटी से आगे निकलते ही सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। अब इन गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने से समस्या कहीं ज्यादा बढ़ गई है। कई बार तो इन गड्ढों में छोटा ही नहीं बड़ा वाहन भी फंस जाता है। इससे वाहन मालिक को न केवल आर्थिक बल्कि मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है। उनका कहना है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को चाहिए कि मार्ग को ठीक-ठाक किया जाए। नया मार्ग तो जब बनेगा, तब सही, लेकिन फिलहाल बारिश के मौसम में इन गड्ढों को भरा जाना चाहिए। वहीं शहरवासी रवि कुमार, मुकेश बंसल, नीरज शर्मा ने कहा कि शहर में लाल चौंक पर बारिश के बाद हालात बेहद खराब हो गए हैं। गड्ढे बने हुए हैं। कुछ गड्ढों में मंगलवार को संबंधित विभाग ने रोड़े डाले, लेकिन इनसे अब चोटिल होने का खतरा बन गया है। क्षेत्रवासियों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से सड़कों की सूरत सुधारने की मांग की है।
-