बहादुरगढ़/ झज्जर। रविवार को प्रदूषण का स्तर 344 पर रहा, जबकि पिछले साल आज के दिन ये 221 पर रहा था। दिन भर आसमान में घटा छाई रही। मौसम विभाग ने सोमवार को बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की ओर से सोमवार को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। यदि बारिश होती है और हवा चलती है तो प्रदूषण फिर साफ हो सकता है लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना है। रविवार को भी बहादुरगढ़ में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर रहा। एक्यूआई 344 दर्ज किया गया। वर्ष 2022 में प्रदूषण 26 नवंबर को 221 दर्ज किया गया था। रविवार को दिन भर आसमान में काले बादल छाते रहे। धूप भी हल्की रही। प्रदूषण काफी अधिक रहा। अभी भी प्रदूषण का स्तर रेड जोन में है। मौसम विशेषज्ञ और पर्यावरणविद् डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली में लगातार मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। रविवार को पूरा दिन आसमान में बादल छाए रहे। हल्की धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद फिर से आसमान बादलों से घिर गया। अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को हल्की बूंदबांदी की आशंका जाहिर की है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक की कमी होने की उम्मीद है।