बहादुरगढ़। मार्च की शुरुआत में हुई बूंदाबांदी के बाद से मौसम में ठंडक बनी हुई है। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह ठंडक दो दिनों और बनी रहेगी। इसके बाद पारा ऊपर की ओर चढ़ना शुरू हो जाएगा और लोगों को गर्मी का अहसास होगा। मंगलवार को दिन भर तेज धूप रही, लेकिन लोगों को ठंड का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूतनम 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदूषण भी पूरी तरह साफ हो गया है। एक्यूआई गहरे हरे रंग में पहुंचा हुआ है। इससे क्षेत्रवासियों को साफ ऑक्सीजन मिल रही है। आने वाले दिनों में भी प्रदूषण का स्तर सामान्य बना रहेगा।
पिछले दिनों तापमान बढ़ गया था और यह 29 डिग्री पर पहुंचा था। इसके बाद बूंदाबांदी हुई तो तापमान फिर से लुढ़क गया। मंगलवार को सुबह के समय ही सूर्यदेव चमक गए थे, लेकिन ठंडी हवा चलने के कारण लोगों को गर्मी का अहसास नहीं हुआ। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 7 से 10 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। मंगलवार को हवा मेें नमी का स्तर 24 से 95 प्रतिशत तक रहा। हवा की गति 6 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रही।
प्रदूषण हुआ पूरी तरह साफ
बूंदाबांदी होने और हवा चलने के बाद बहादुरगढ़ में प्रदूषण पूरी तरह साफ हो गया है। कई दिनों से पीले रंग में बना प्रदूषण मंगलवार को गहरे हरे रंग में पहुंच गया। एक्यूआई 87 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब प्रदूषण सामान्य बना रहेगा। लोगों को साफ हवा में आक्सीजन मिलेगी।