फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणाः सीएम का विरोध करने के प्रयास में 110 को पुलिस ने लिया हिरासत में, 106 को छोड़ा

Sun, 14 Jul 2019 11:11 AM IST
रोहतक ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चरखी दादरी (हरियाणा)
विज्ञापन
ढाणी फौगाट धरनास्थल के समीप किसानों को रोकती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

दादरी आगमन पर सीएम मनोहरलाल का काली पट्टी, झंडे और पोस्टर दिखाकर विरोध करने के प्रयास में पुलिस ने शनिवार को करीब 110 लोगों को हिरासत में लिया है। देर शाम पुलिस ने हिरासत में लिए गए 110 लोगों में से 106 को मुचलके और बिना मुचलके छोड़ दिया, जबकि चार से थाने में पूछताछ की जा रही थी।

विज्ञापन


वहीं, ओवरलोडिंग मंथली मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रहे लोग पुलिस को गच्चा देकर आयोजन स्थल तक पहुंच गए। डीएसपी रमेश कुमार ने बताया कि सिटी थाना पुलिस ने 46 गिरफ्तारियां की थीं जिनमें से 42 को निजी मुचलके पर रिहा किया गया जबकि चार लोगों को शांति भंग करने के मामले में गिरफ्तार किया गया।

एनएच-152 डी मामले में ढाणी फौगाट के समीप धरना दे रहे दो गांवों (ढाणी फौगाट और कपूरी) के किसानों ने सीएम का विरोध करने का दो दिन पहले ही एलान कर दिया था जबकि रामनगर के समीप धरना दे रहे 15 गांवों के किसानों ने अपने फैसले पर शुक्रवार को डीसी से बैठक के बाद यू-टर्न मार लिया था। हालांकि पुलिस प्रशासन ने दोनों धरनास्थलों पर कड़ी निगरानी रखी।
विज्ञापन


ढाणी फौगाट के किसानों के दादरी की तरफ कूच करने पर पुलिस ने करीब 40 कदम चलते ही गिरफ्तार कर लिया। मौके से करीब पचास किसानों को बस में बैठाकर वहां से ले जाया गया। हालांकि थोड़ी देर बाद पुलिस ने बिना किसी कार्रवाई के उन्हें छोड़ दिया।

विज्ञापन

वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विकास में जिले की अनदेखी और व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर सीएम को काले झंडे दिखाने का एलान किया था। दोपहर करीब सवा तीन बजे हरियाणा प्रदेश कांग्रेस सचिव अजीत फौगाट के नेतृत्व में कार्यकर्ता अनाज मंडी की तरफ चल पड़े। करीब 150 मीटर चलने पर पुलिस प्रशासन ने सरदार झाडू़ सिंह चौक के समीप इन्हें बैरिकेड्स लगाकर रोक लिया।

कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस कर्मियों की झड़प भी हुई और जब कांग्रेसियों ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे जाने का प्रयास किया तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इन सभी को बौंदकलां थाने ले जाया गया और मुचलका भरवाने के बाद सभी को छोड़ दिया गया। डीएसपी रमेश कुमार ने बताया कि 42 कांग्रेेेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया था और सभी को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।

सीएम को पोस्टर दिखाने पर चार गिरफ्तार, एक की तबीयत बिगड़ी
ओवरलोडिंग मंथली मामले में आंदोलन करने वाले कुछ लोग पुलिस को गच्चा देकर अनाज मंडी स्थित आयोजन स्थल तक पहुंच गए। जब सीएम कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे उसी समय पंडाल की बाई तरफ से चार लोगों ने उन्हें पोस्टर दिखाने शुरू कर दिए। पोस्टर में ओवरलोडिंग मंथली मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की गई थी।

वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने इन्हें काबू कर लिया और पुलिस वाहन में डालकर वहां से ले गए। इस दौरान खूब धक्का मुक्की हुई और गिरफ्तारी चार में से एक की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसकी पुष्टि डीएसपी रमेश कुमार ने की। उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर शांति भंग करने पर चार को गिरफ्तार किया गया है जबकि छह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

सीएम को काले झंडे दिखाने जा रहे 42 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया था जिन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। इसके अलावा आयोजन स्थल पर शांति भंग करने पर चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ जारी है। ढाणी फौगाट के समीप से हिरासत में लिए गए किसानों को पुलिस ने छोड़ दिया है। -रमेश कुमार, डीएसपी
 
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें