सीएए को लेकर भाजपा द्वारा इन दिनों चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को लेकर कांग्रेस ने चुटकी ली है। पूर्व शिक्षा मंत्री व झज्जर की कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा है कि भाजपा का अभियान असली मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने वाला है। यदि भाजपा को जागरूकता अभियान चलाना ही है तो हरियाणा में भाजपा अपने कॉमन मीनिमम प्रोग्राम को लेकर ही इस प्रकार का अभियान चलाए। सरकार बताए कि चुनावी घोषणा पत्र के मुताबिक क्यों युवाओं को रोजगार नहीं दिया जा रहा। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा का क्या एजेंडा है और किसानों को उनकी फसलों के दाम बढ़ाने व बुजुर्गों को पेंशन बढ़ाने के अपनी असली वायदे पर सरकार क्यों ध्यान नहीं दे रही है। पूर्व शिक्षा मंत्री सोमवार को झज्जर में पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। पूर्व शिक्षा मंत्री ने हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यन्त चौटाला के उस बयान पर भी निशाना साधा जिसमें दुष्यंत चौटाला ने कांग्रेस शासनकाल में केवल 700 रूपए पेंशन बढ़ाने की बात कही है। भुक्कल ने कहा कि जेजेपी ने चुनाव में चौ. देवीलाल के नाम पर बुजुर्गों से उनकी पेंशन बढ़ाने को लेकर वोट मांगे थे। बुजुर्ग 5100 रुपये पेंशन होने का इंतजार कर रहे है, लेकिन दुष्यंत चौटाला अपने हर वादे से पीछे हट रहे है। पूर्व मंत्री ओपी धनखड़ के फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार को लेकर दिए गए बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी चाहे कोई भी हो किसी को भी किसी की जाति व धर्म के आधार पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। लेकिन भाजपा की नीति देश को जाति व धर्म के नाम पर बांटने वाली रही है और उसी एजेंडे पर धनखड़ भी काम कर रहे है। उन्होंने इन दिनों जिलें में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन व प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए और कांग्रेस के जो पेंडिंग प्रोजेक्ट है, उन पर काम करना चाहिए।