गांव मदाना खुर्द में नशे के प्रति लोगों को जागरूक करते पुलिस की टीम ।
झज्जर। पुलिस ने मदानना खुर्द गांव में गोष्ठी का आयोजन कर लोगों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। उन्हें बताया कि नशे के कारण परिवार बर्बाद हो जाता है।
थाना दुजाना के अंतर्गत पुलिस चौकी डीघल में तैनात सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य और देश की तरक्की देश के युवाओं और भावी पीढ़ी पर टिकी होती है। युवा पीढ़ी अगर गलत रास्ते पर चल पड़े तो निश्चित तौर पर उनका भविष्य अंधकार में चला जाता है। नशे की लत व्यक्ति, परिवार, समाज तथा राष्ट्र के तरक्की के लिए खतरा बनता जा रहा है। यदि हम एक बेहतर समाज व समृद्ध देश बनाने का सपना देख रहें हैं तो युवाओं और भावी पीढ़ी को नशे की लत से बचाना होगा। इस दौरान थाना दुजाना की पुलिस टीम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप अपने बच्चों व युवा पीढ़ी को नशे का शिकार होने से बचाने एवं समाज में नशा सेवन को रोकने के इस नेक कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अन्य लोगो को भी प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि नशा के अवैध धंधे में लिप्त लोगों के संबंध में जानकारी देने के लिए झज्जर पुलिस द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर 8930305020 जारी किया गया है।