बहादुरगढ़। गांव नूना माजरा स्थित निर्माणाधीन महाराजा अग्रसेन मेडिकल यूनिवर्सिटी में चोरी हो गई। अज्ञात चोर यहां से लाखों रुपये के पाइप चुरा ले गए। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे दी गई है। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वारदात को सुलझाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में आर्य नगर के निवासी अजीत सिंह का कहना है कि यहां गांव नूना माजरा में महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी के भवन का निर्माण चल रहा है। वह यहां प्रोजेक्ट मैनेजर है। निर्माण के सिलसिले में काफी सामान परिसर में रख रखा है। कुछ समय पहले फायर सेफ्टी उपकरणों की व्यवस्था के लिए पाइप आदि लाकर रखे गए थे। करीब एक महीने पहले तक पाइप आदि सुरक्षित था। बुधवार को देखा तो पाइप गायब मिले। अपने स्तर पर काफी जांच की लेकिन कुछ पता नहीं चला। अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। इससे लाखों रुपये की हानि हुई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द से जल्द वारदात सुलझाने का प्रयास रहेगा।