बहादुरगढ़। झज्जर राेड पर बादली चुंगी के नजदीक नगर परिषद की ओर से एक तरफ से दूसरी तरफ नाले का मिलान करने के लिए बड़ा गड्ढा खोदा गया। यह गड्ढा अब न केवल आम लोगों के लिए बल्कि यहां के दुकानदारों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। अब इस गड्ढे में पानी की लाइन टूट गई है। इससे देवी कॉलोनी के साथ-साथ आसपास के घरों में सीवर युक्त पानी पहुंच रहा है।
लोगों की समस्या को देखते हुए बुधवार को नगर परिषद की पूर्व चेयरपर्सन शीला राठी के प्रतिनिधि संदीप राठी ने मौका मुआयना किया और नगर परिषद अधिकारियों से समस्या के समाधान की अपील की। झज्जर रोड के दुकानदार अक्षय, मोनू, संजय व विकास ने बताया कि यह गड्ढा न केवल एक-दो दिन से बल्कि पिछले 20 दिन से ज्यादा समय से खोदा गया है। न तो समस्या का समाधान हो पाया है और न ही इसे ढका जा रहा है। अब उनका काम धंधा भी प्रभावित होने लगा है। नप की पूर्व चेयरपर्सन शीला राठी के प्रतिनिधि संदीप राठी ने बताया कि गड्ढे के अंदर पानी की लाइन भी टूटने के कारण सीवर युक्त पानी घरों में पहुंच रहा है। इससे गर्मी के मौसम में भयंकर बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। खुले गड्ढे से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों से आह्वान किया कि इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। राठी ने कहा कि कांग्रेस के बोर्ड के बाद भाजपा का बोर्ड नगर परिषद में बना। इसके बाद से कार्य ठप्प पडे़ हैं।