बहादुरगढ़। शहर के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों लोगों को दूषित पेयजल पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। हालत यह है कि कहीं लाइन लीकेज हैं तो कहीं पर सीवर युक्त पानी सप्लाई हो रहा है। विभागीय अधिकारियों को शिकायतें करने के बाद भी समस्या का हल नहीं हो पा रहा।
छिकारा कॉलोनी में भी दूषित पेयजल सप्लाई से अब लोग परेशान हो रहे हैं। यहां की कई महिलाओं का कहना है कि वे बदबूदार पानी पीने के को मजबूर हैं। कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायतें भी कर चुके हैं लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा। लोगों ने बताया कि दूषित पानी सप्लाई से वे परेशान हो रहे हैं और उनमें विभाग के प्रति रोष भी बना हुआ है।
विज्ञापन
महिलाओ ने कहा कि अमरुत योजना के तहत लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाए जाने का दम भरा जा रहा है, लेकिन लोगों के घरों में किस तरह से पानी सप्लाई हो रहा है इसको लेकर कोई ध्यान विभाग की ओर से नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल को लेकर उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
महिलाओं को दूर-दराज से जाकर हैंडपंपों से पानी भरकर लाना पड़ता है। विभाग को चाहिए कि समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए ताकि यहां दूषित पानी की वजह से कोई बीमारी न फैलें।