बहादुरगढ़। दीपावली पर्व पूरे उल्लास, उमंग व धूमधाम से मनाया गया। मकान, दुकान, प्रतिष्ठान व इमारतें सब रंग-बिरंगी लाइटों, मोमबत्तियों, लड़ियों व दीयों की रोशनी से जगमग रहीं। लोगों में इस दिवाली को लेकर खास उत्साह रहा। एक-दूसरे को जहां दीपावली पर्व की बधाई दी। वहीं सोशल मीडिया के ट्विटर, वाट्सअप व फेसबुक आदि प्लेटफार्मों पर बधाई का दौर चला।
सोमवार को सुबह से दोपहर बाद तक जहां घरों की साज-सज्जा और लोगों द्वारा दीपावली को लेकर सामान की खरीदारी का दौर चला। वहीं शाम होते ही घर-घर में गणेश-लक्ष्मी की पूजा अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के बाद भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में दीप जगमग रहे। हर घर, हर कोना अंधियारे से दूर होकर रोशनी से सराबोर था। भक्तिमय माहौल के बीच हर मंदिर, हर घर में लक्ष्मी पूजन की धूम थी। गली-मोहल्लों में लड़ियों की रोशनी से घर जगमगा रहे थे। बीडीओ आफिस के निकट स्थित शहीद स्मारक पर राजेश खत्री और शहीद भगत सिंह मैत्री संघ एवं आर्य नगर निवासी प्रदीप आदि ने दीये जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। हालांकि परंपरा की कड़ी में दीपों की रोशनी ने अलग ही छटा बिखेरी। पहले के मुकाबले अधिकतर लोगों ने मिट्टी से बने दीयों से ही अपने मकानों को प्रकाशमान किया। पहले पूजा अर्चना, दीपों की रोशनी और फिर उसके बाद आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया।
दीपावली के पर्व पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बेहद सक्रिय रही। विशेषकर शहर पुलिस की निगाह चप्पे-चप्पे पर थी। सुरक्षा के मद्देनजर महत्वपूर्ण स्थानों के अलावा ज्यादातर स्थानों पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। शहर की सीमाओं पर चेक पोस्ट बनाए गए। इसके अलावा मेन बाजार, बस स्टैंड, रेलवे रोड, दिल्ली-रोहतक रोड, नाहरा-नाहरी रोड, झज्जर रोड समेत अनेक प्रमुख जगहों व सेक्टर-9 बाइपास के अलावा कई अन्य जगहों पर पुलिस की टीमें तैनात रहीं। पीसीआर व अन्य पुलिसकर्मी भी गश्त करते रहे। यही नहीं पुलिस की पैदल गश्त भी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रही। भीड़ भाड़ के माहौल से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी अत्यधिक मुस्तैद देखी गई। शहर भर में सुरक्षा के लिए काफी संख्या में पुलिसकर्मियों, होमगार्ड जवानों को जगह-जगह तैनात किया गया था।