नारनौल। लघु सचिवालय के पीछे स्थित कॉलोनी में पांच महीनों से घरों के बाहर जमा पानी की समस्या से परेशान लोगों का सब्र का बांध वीरवार को टूट गया। उन्होंने लघु सचिवालय की ओर जाने वाले मार्ग पर जाम लगाकर धरना दिया।
जाम की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस दल व नप ईओ दीपक गोयल ने पहुंचकर लोगों को समझाया और जाम खुलवाया। जाम तो मात्र दस मिनट तक ही चला परंतु कॉलोनी के लोगों ने लघु सचिवालय मार्ग से हटकर 11 बजे से अपना धरना जारी रखा। जाम लगा रहे लोगों का कहना था कि उनकी कालोनी में गत पांच महीनों से इतना पानी भरा है की उनका घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
इसके अलावा बच्चे स्कूल तक नहीं जा रहे और आए दिन लोग फिसल कर गिर रहे हैं। जिससे उनको चोंट भी लग रही है। कॉलोनी के लोगों ने कहा कि हम नगर परिषद के चक्कर लगा-लगा कर दुखी हो चुके हैं, लेकिन हमारा कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। लोगों ने कहा कि नगर परिषद ने कॉलोनी से पानी निकालने के लिए दो पंप सेट लगा रखे हैं, जिनमें एक तो बंद पड़ा है।
लोगों ने नगर परिषद अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि या तो पानी निकासी का नाला बनाकर पक्का इंतजाम किया जाए या फिर इस नाले को बंद कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह नाला केवल हमारी कॉलोनी तक बना है, इससे आगे इसका निर्माण नहीं होने के कारण बारिश के मौसम में यह समस्या बढ़ जाती है।
लोगों ने अधिकारियों को बताया कि यह पानी एक पंप से जितना निकल रहा है उतना ही महेंद्रगढ़ रोड पर बेसमेंट से निकाल कर इस नाले में छोड़ा जा रहा है, जो कम होने का नाम ही नहीं ले रहा। अब रही सही कसर बीच-बीच में होने वाली बारिश पूरी कर देती है। मौके पर पहुंचे नगर परिषद के ईओ दीपक गोयल ने लोगों को समझाते हुए कहा कि हमने पानी की निकासी के लिए नाले का टेंडर लगा दिया था। परंतु आचार संहिता लग जाने के कारण कार्य रुक गया। जैसे ही आचार संहिता हटेगी कार्य जल्द से जल्द शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि तब तक पंप सेट भेजकर पानी निकलवाने का कार्य शुरू कर देते हैं। इसके बाद मौके पर नगर परिषद के जेई पंप सेट लेकर मौके भी पहुंचे और पानी निकासी का कार्य शुरू किया। लेकिन कालोनी के लोग पानी निकासी ठीक से नहीं होने के चलते शाम चार बजे लघु सचिवालय से उठकर उपायुक्त निवास के बाहर धरना शुरू कर दिया।