झज्जर/ बहादुरगढ़। मानसून की पहली बारिश से शहर में कई जगह जबर्दस्त जलभराव हो गया है। मुख्य सड़कों से तो पानी उतर गया लेकिन गली मोहल्लों के अंदर पानी भरा है। सामान्य अस्पताल परिसर में तो इतना बुरा हाल था कि मरीजों को दो दो फीट पानी के बीच से निकलकर उपचार के लिए जाना पड़ा। नगर परिषद की तरफ से कुछ वर्ष पहले सड़कों पर बिछाई मिस्टिक लेयर उखड़ कर सड़कों के किनारे एकत्रित हो गई है। बहादुरगढ़ में दूसरे दिन भी बारिश होने से हालात और खराब हो गए। शहर की निचली लोनियों में जलभराव से आवागमन बाधित रहा। सब्जी मंडी में पानी भरने से कारोबार पर असर हुआ। सी शुरू की गई है।
सोमवार को ट्रैक्टर से जुड़े पंप लगाकर, कहीं डीजल इंजन वाले पंप व कहीं बिजली से चलने वाले पंप सेट लगा कर पानी की निकासी शुरू कर दी गई है। शहर के 33 केवी पुराना पावर हाउस में भरे पानी को पंप सेट लगा कर नाले में डाला गया है। सामान्य अस्पताल के प्रांगण, सड़कों व कर्मचारियों की कॉलोनी में अभी भी एक से डेढ़ फुट पानी भरा हुआ है। शहर के सुभाष नगर व सिंचाई विभाग की कॉलोनी से पंप सेट लगा कर बाईपास से दूसरी तरफ पानी को नाले में डाला जा रहा है। जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। नाले पर बनाए गए पुल की एक तरफ की आधी दीवार भी गिर गई है। वहीं महर्षि दयानंद खेल स्टेडियम में पानी भरने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास करने में भी परेशानी आ रही है।शहर के पुराने बस स्टैंड में करीब छह से सात फुट पानी भरा हुआ है। पुराने बस स्टैंड ने तालाब का रूप धारण किया हुआ है। इसके सामने व पीछे से गुजरने वाली सड़कों से इसका लेवल नीचा होने के कारण पुराने बस स्टैंड में पानी भर जाता है।
उधर बहादुरगढ़ शहर में सोमवार की सुबह करीब 10 बजे मौसम ने फिर से करवट बदली। आसमान में बादल छाए और करीब साढ़े 11 बजे तेज बारिश होने लगी। बारिश करीब 30 मिनट तक हुई। सोमवार को बारिश 6 एमएम दर्ज की गई। कुल मिलाकर पिछले 2 दिनों में 93 एमएम बारिश बहादुरगढ़ क्षेत्र में हुई है। रविवार को 87 एमएम बारिश हुई थी। बारिश के कारण शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में अनेकों जगहों पर जलभराव हो गया। शहर के कई वार्डों की अप्रोच से लेकर मुख्य गलियां व सडकें तक जलमग्न दिखी। बारिश का दौर थमने के बाद करीब 2 घंटे बाद अनेक जगहों से पानी की निकासी हो गई। मगर जो एरिया व गलियां नाले के लेवल से नीचे थी उनमें पानी भरा रहा। दोपहर के बाद आसमान में सूर्य देव भी चमके। मौसम खुशनुमा रहा। रेलवे अंडरपास में भी ढलान की जगह पानी भरा रहा। रेलवे अंडरपास में पानी न भरे इसको लेकर शेड भी बनाया हुआ है लेकिन अनेक जगह से शेड से फाइबर टूट गई है। जिसके चलते जलभराव हो रहा है। सुरेश, मोहन, संदीप, राकेश, सुभाष का कहना है सालभर में ही यह टूटकर बदहाल हो गया।
- वर्जन :
नगर परिषद, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग व सिंचाई विभाग की तरफ से शहर में पंप सेट लगा कर पानी की निकासी की जा रही है। जल्द ही पानी की निकासी कर दी जाएगी।
- मनदीप सिंह, एमई, नगर परिषद, झज्जर।