बहादुरगढ़। अब मेट्रो यात्रियों की शिकायतों का जल्द समाधान होगा। इसके लिए डीएमआरसी (दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन) ने एक नया सॉफ्टवेयर लांच किया गया है। नए कस्टम मेड सॉफ्टवेयर से यात्रियों की शिकायतों का सटीक निपटारा होगा। यह सॉफ्टवेयर केवल मेट्रो ने अपने लिए लांच किया है। यात्रियों को पहले की तरह ही शिकायत करनी होगी।
शिकायत आने के बाद इस नए सॉफ्टवेयर से मेट्रो के अधिकारी पहले की तरह ही शिकायत दर्ज कराएं लेकिन अपने पब्लिक कंप्लेंट्स मैनेजमेंट मैकेनिज्म (सार्वजनिक शिकायत प्रबंधन तंत्र) को सुचारू, व्यवस्थित और मजबूत करने के लिए डीएमआरसी ने यह सॉफ्टवेयर लांच किया है। जिसे देश में ही बनाया गया है। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इस नए कस्टम मेड सॉफ्टवेयर का अनावरण किया। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि पब्लिक कंप्लेंट्स मैनेजमेंट सिस्टम एक यूजर सरल सॉफ्टवेयर है। यात्रियों को पहले की तरह ही शिकायत करनी होगी। शिकायत आने के बाद नए सॉफ्टवेयर से शिकायत का अलग अलग वर्गीकरण करके उससे संबंधित विभागीय अधिकारी के पास भेजा जाएगा।
इससे शिकायतों को रियल टाइम मॉनिटरिंग और टै्रकिंग करने में काफी मदद मिलेगी, क्योंकि यह शिकायतों का वर्गीकरण करके उन्हें फीडबैक लेने के लिए अलग-अलग कैटेगरी में डाल देगा। इससे सभी शिकायतें तुरंत सही अधिकारी तक पहुंच सकेगी, उन पर तुंरत एक्शन लिया जा सकेगा और शिकायतों का जल्दी निपटारा हो सकेगा। यह सॉफ्टवेयर ऐसा डेटा भी जनरेट करेगा, जिसकी मदद से डीएमआरसी को यह पता लगाने में आसानी होगी कि शिकायतें किस प्रकार की थी और उनपर की गई कार्रवाई से शिकायतकर्ता कितने संतुष्ट हुए। डीएमआरसी प्रबंधन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और पब्लिक कंप्लेंट ऑफिसर रियल टाइम बेसिस पर शिकायतों का स्टेटस चेक कर सकेंगे। डीएमआरसी को हेल्पलाइन नंबर, ई-मेल और सोशल मीडिया प्लेटफार्म जैसे कई माध्यमों के जरिये रोज यात्रियों की कई शिकायतें मिलती है।