बहादुरगढ़। अब बहादुरगढ़ से सीधे मथुरा और आगरा के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। रोजाना दो बसें वहां के लिए चलेंगी। पहले दिन इसमें 20 यात्रियों ने सफर किया। इसके शुरू होने से शहर वासी खुश हैं।
इस बस को बस को बस स्टैंड के एसएस सतीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार गर्ग के प्रयास से शुरू हो पाई है। यह बस सुबह पौने 11 बजे बहादुरगढ़ बस स्टैंड से रवाना होगी। साढ़े 12 बजे गुरुग्राम पहुंची वहां से मथुरा के लिए चलेगी। करीब सवा तीन बजे बस का मथुरा पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद सवा 4 बजे बस आगरा पहुंचेगी। यही बस अगले दिन सुबह 5 बजे आगरा बस स्टैंड से बहादुरगढ़ के लिए चलेगी। प्रतिदिन यह बस चलेगी। बस में मथुरा का किराया 220 रुपये व आगरा का 300 रुपये निर्धारित किया गया है। मथुरा व आगरा के लिए जाने वाले यात्री योगेश गुप्ता, सुनील शर्मा का कहना है कि उन्हें अब इसका काफी लाभ होगा, क्योंकि वे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से उक्त स्थानों के लिए ट्रेन से जाते थे। नई दिल्ली तक जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। जाम की समस्या वहां रहती थी। अब बहादुरगढ़ बस स्टैंड से सीधी बस चलने के बाद उन्हें काफी राहत मिलेगी। आसानी से अब यहां से बस उपलब्ध हो जाएगी। आने-जाने में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं उठानी पड़ेगी। बस चालक के रूप में सतप्रकाश व कंडक्टर के रूप में रविंद्र को तैनात किया गया है। इस मौके पर डीआई अनिल धनखड़, सतबीर सिंह, इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह, नरेश प्रधान, सोनू प्रधान, बिजेंद्र प्रधान, राजेश, सुनील, विकास कुमार, नरेंद्र, सोमबीर, दिनेश कुमार, संदीप समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
-