झज्जर क्षेत्र में बनी हुई नर्सरी में रखें हुए पौधे।
झज्जर। मानसून शुरू हो चुका है। वन विभाग ने बरसाती सीजन में जिले को हरा भरा बनाने को कमर कस ली है। इस बार वन विभाग की तरफ से इस बार तीन लाख पौधे लगाकर जिले को हरा-भरा किया जाएगा। पौधे लगाने का काम सामाजिक संस्थाओं की तरफ से शुरू भी कर दिया गया है।
इस बार वन विभाग की तरफ से तलाव गांव में एक हेक्टेयर में घना पौधरोपण (डेंस प्लांटेशन) किया जाएगा। इसके तहत एक हेक्टेयर एरिया में वन विभाग दस हजार के लगभग पौधे लगाएगा ताकि ज्यादा आक्सीजन मिल सके। इसमें हर तरह के पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें छोटे-बडे़, फलदार, फूल वाले पौधे लगाए जाएंगे। इसकी तैयारी वन विभाग ने शुरू कर दी है। फिलहाल जगह का चयन कर लिया गया है। जमीन को साफ और समतल कराया जा रहा है। जमीन की सफाई व समतल होने के बाद वहां पर गड्ढे तैयार करवाए जाएंगे। उसके बाद पानी की व्यवस्था कर वहां पौधरोपण किया जाएगा। यही नहीं पौधरोपण करने के बाद वहां पर लगाए गए पौधों की तीन साल तक देखभाल की जाएगी। वन विभाग एक लाख पौधे स्वयं वन विभाग लगाएगा। इसमें पंचायती जमीन, सड़क किनारे और वन विभाग की जमीन, नहरों के सहारे पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा दो लाख पौधों का वितरण किया जाएगा। इसमें सामाजिक संस्थाओं व सरकारी कार्यालयों को पौधे दिए जाएंगे। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी भी इसमें सहयोग करेंगे।
जिले में 13 लाख से अधिक पौधे लगे
इस समय जिले में 13 लाख से अधिक पौधे लगे हुए हैं। वन विभाग ने पिछले साल पेड़ों को गिनने के लिए पेड़ों की जनगणना करवाई थी। उसमें 13 लाख से अधिक पेड़ सामने आए थे। जिले में चार हजार हेक्टेयर में वन क्षेत्र है। पिछले साल विभाग ने लगभग साढे़ तीन लाख पौधे जिले में लगाने का काम किया था।
वर्जन
तलाव गांव में घना पौधरोपण (डेंस प्लांटेशन) कराया जाएगा। इसके लिए जगह फाइनल हो चुकी है और साफ-सफाई का काम किया जा रहा है। जल्द ही काम पूरा कर वहां 10 हजार के लगभग पौधे लगाए जाएंगे। तीन लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
विपिन कुमार, जिला वन अधिकारी, झज्जर