संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। विभिन्न कॉलेजों की बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए और बीबीए आदि स्नातक कक्षाओं की ओपन काउंसिलिंग शुरू हो गई है। नए आवेदनों के लिए पोर्टल भी खुल गया है। नेहरू कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दलबीर सिंह ने बताया कि बुधवार को विभिन्न कक्षाओं के 90 विद्यार्थी ओपन काउंसिलिंग के लिए उपस्थित हुए, जिनके दस्तावेजों की जांच की गई। नेहरू कॉलेज में विभिन्न स्नातकोत्तर कक्षाओं की कुल 1160 सीटें हैं, इनमें से 60 प्रतिशत सीटें अभी खाली हैं, जिनको ओपन काउंसिलिंग के माध्यम से भरा जा रहा है।
उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ से 25 जुलाई को पोर्टल खाेला जाना था, लेकिन बुधवार को पोर्टल खुलते ही दोबारा से आवेदन प्रक्रिया व ओपन काउंसिलिंग में भाग लेने के लिए विद्यार्थी कॉलेज पहुंचे। ओपन काउंसिलिंग से पहले कॉलेज में 65 फीसदी सीटें खाली थीं। बुधवार को काउंसिलिंग के पहले दिन पांच फीसदी सीटें भरी गई हैं। जिन विद्यार्थियों का दाखिला निश्चित हो रहा है, वे शुल्क भी जमा करा रहे हैं।
वहीं एमए, एमएससी, एमकॉम आदि स्नातकोत्तर कक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई तक होंगे। नेहरू कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ अमित भारद्वाज ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग के एडमिशन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि नेहरू कॉलेज में एमए हिंदी की 30, एमए अंग्रेजी की 30, एमए पत्रकारिता की 30, एमए मनोविज्ञान की 40, एमएससी गणित की 40, एमएससी कंप्यूटर विज्ञान की 40 और एमकॉम की 120 सीटें हैं।
स्नातक कक्षाओं की ओपन काउंसिलिंग शुरू हो गई है। पीजी कक्षाओं के आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। नेहरू कॉलेज में पर्याप्त संख्या में सीटें खाली हैं। विद्यार्थी दाखिला ले सकते हैं।
- डॉ. अमित भारद्वाज, मीडिया प्रभारी, राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर।