बहादुरगढ़। सब्जी मंडी के पास परशुराम रोड और वेस्ट जुआं ड्रेन किनारे कई सालों से बसे घुमंतू जाति के लोगों की झोपड़ियों को हटाने का नगर परिषद ने एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। झुग्गियां हटाने के लिए नगर परिषद की टीम ने बुधवार को मौके पर जाकर माइक सिस्टम से घोषणा भी की है।
परशुराम रोड पर नाला बनाने के कारण झुग्गियों को हटाया जा रहा है। टीम के सामने हाथ जोड़कर घुमंतू जाति के लोगों ने जमीन देने की मांग की है। बाद में चेयरपर्सन सरोज राठी से मिलकर भी घुमंतू जाति के लोगों ने जमीन देने की मांग की। घुमंतू जाति के लोगों ने कहा कि वे एक सप्ताह में अपना सामान उठाकर खुद ही झुग्गियां खाली कर देंगे। इसके लिए उन्हें कहीं जमीन दे दी जाए। जहां पर शिफ्ट हो सकें। उन्हें जबरदस्ती न हटाया जाए। इस पर नगर परिषद अधिकारियों को भी बुलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि वे कोई भी जमीन नहीं दे सकते। जिस तरह से वे परशुराम रोड व अन्य जगह बैठे थे, ऐसे ही कहीं खाली जगह देखकर शिफ्ट हो जाए। अधिकारियों ने कहा कि अगर एक सप्ताह के अंदर लोगों ने खुद ही झुग्गियां नहीं हटाई तो जेसीबी की मदद से कार्रवाई करते हुए इन्हें हटा दिया जाएगा।