झज्जर। पुलिस की साइबर टीम ने एक व्यक्ति को यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करके पैसे कमाने का लालच देकर ठगी करने के मामले में गिरफ्तार किया है।
थाना साइबर झज्जर प्रबंधक निरीक्षक अजय मलिक ने बताया कि बहादुरगढ़ निवासी एक महिला के साथ साइबर ठगों द्वारा ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। महिला के पास किसी अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया कि आप ऑनलाइन यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करके पैसे कमा सकती हो। साथ ही उन्होंने यूट्यूब चैनलों के लिंक भी उसके पास भेज दिया। उनकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब कर लिया। इसके बाद उनके खाते में 160 रुपये भेज दिए गए, परंतु मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। इसके बाद महिला को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। इसमें उन्हें अलग-अलग सपने दिखाए गए और उन्हें अलग-अलग लोगों की स्क्रीनशॉट दिखाई देते थे। इन बातों पर शिकायतकर्ता ने विश्वास कर लिया और उसे अलग-अलग तरह के टॉस्क देकर महिला के खाते से 7,97,870 रुपये निकाल लिए गए। इसका पता चलने पर शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इस पर करवाई करते हुए साइबर थाना झज्जर में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। दर्ज मामले पर कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक अंकित कुमार ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई। आरोपी की पहचान परविंदर निवासी फरवाई कलां जिला सिरसा के तौर पर की गई। पकड़े गए आरोपी को माननीय अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस डिमांड पर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।