झज्जर। बढ़ रही गर्मी के चलते रोडवेज विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए सराहनीय निर्णय लिया है। अब बसों में ही यात्रियों को पीने के पानी की सुविधा मिलेगी। इसके लिए रोडवेज की तरफ से व्यवस्था करवाई जाएगी ताकि यात्रियों को दिक्कत न आए। रोडवेज निदेशालय की तरफ से सभी जिला महाप्रबंधकों को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि तापमान बढ़ने के कारण गर्मी का स्तर बढ़ रहा है, इस कारण बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों को भी परेशानी हो रही है। गर्मी के कारण लगातार पानी की आवश्यकता भी पड़ती है। कई बार ऐसे स्थान भी होते हैं, जहां पानी की व्यवस्था नहीं होती। इसलिए गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी बसों में ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएगी ताकि यात्रियों को पानी के अभाव में परेशानी न हो। इसके लिए सभी चालक-परिचालकों को आदेश दे दिए गए हैं।
बसों के दूसरे जिलों में जाने पर लगी रोक
रोडवेज निदेशालय ने कुछ डिपो की बसों को दूसरे डिपो में भेजने के आदेशों पर रोक लगा दी है। इसका पत्र भी सभी जिला महाप्रबंधकों को जारी कर दिया गया है। निर्देशों में कहा गया है कि 14 जून को जारी किए गए बसों के स्थानांतरण प्रक्रिया के आदेशों पर अभी कोई कार्रवाई नहीं की जाए। इस प्रक्रिया को आगामी आदेशों तक लंबित रखा जाए।
बसों में पानी की व्यवस्था के आदेश जारी हो चुके हैं। इसका पालन कराया जाएगा। वहीं बसों के स्थानांतरण पर भी आगामी आदेशों तक रोक लगा दी गई है। दोनों पत्र जारी हो चुके हैं।
- रणबीर गोरिया, सीआई, झज्जर डिपो