बहादुरगढ़। कड़कती ठंड को देखते हुए 1 से 15 जनवरी तक स्कूलों में शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है, लेकिन कुछ स्कूल सरकार के इन आदेशों की अनदेखी कर रहे हैं। इसी के चलते शिक्षा विभाग और सीएम फ्लाइंग की टीम गांव जसोरखेड़ी स्थित एमडीएस शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में औचक निरीक्षण करने पहुंची। इसी दौरान स्कूल में पांचवीं से 12वीं तक की कक्षा संचालित होती मिली। विद्यार्थी कक्षाओं में मौजूद थे। इस पर टीम में शामिल अधिकारियों ने स्कूल प्रिंसिपल से बातचीत की। बच्चों को 15 जनवरी तक स्कूल न आने की बात कहकर छुट्टी करा दी गई। इस संबंध में स्कूल प्रिंसिपल को नोटिस दिया गया। नोटिस के जवाब के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण करने वाली टीम में सीएम फ्लाइंग से एसआई रामनिवास, सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल प्रदीप राठी आदि शामिल थे।