बेरी में स्थित जाट धर्मशाला में हवन कर चौधरी छोटू राम की जयंती मनाते हुए लोग।संवाद
बेरी। देश में वसंत पंचमी किसान मसीहा छोटूराम की जयंती के रूप मनाई जाती है। बुधवार को बेरी स्थित जाट धर्मशाला में छोटूराम की जयंती पर हवन किया गया। इसमें ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। किसानों ने छोटूराम की मूर्ति को गंगा जल से स्नान करवाकर माल्यार्पण किया। इसके बाद दीनबंधु सर छोटूराम द्वारा किसान, गरीब मजदूरों के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी गई। वहां मौजूद बुजुर्गों, युवाओं व बच्चों ने दीनबंधु छोटूराम की बातों से प्ररेणा लेने का सकंल्प लिया।
राजीव कादयान उर्फ काले ने कहा कि आज हरियाणा ही नहीं कई प्रदेशों के किसान छोटूराम को अपना मसीहा मानते हैं। आज जरूरत है देश की नई पीढ़ी छोटूराम को जाने, उनके विचारों को समझे। इसमें देश के हर तबके के लिए हर समस्या का हल है। छोटूराम की किसान हितैषी सोच ने किसानों की दशा और दिशा बदलने का काम किया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अत्तर सिंह कादयान ने बताया कि आज फिर छोटूराम के बताए रास्ते पर चलने की किसान वर्ग को जरूरत है। जैसे दादा छोटूराम ने किसान कमरे को जाति धर्म से ऊपर उठकर इकट्ठा किया था, आज फिर से उनको इकट्ठा होने की जरूरत है। वहीं छोटूराम की जयंती पर किसानों ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि भी दी। इस मौके विंग कमांडर शेर सिंह, तख्त सिंह, भूप सिंह, धर्मराज, उमराव, कदम सिंह, समेर, राजबीर, राजपाल, सुरेश, प्रविंद्र, आशीष मौजूद रहे।