पूजा अपने पति अनिल के साथ। फाइल फोटो
साल्हावास। पिता से मिलने के लिए हिसार की न्यू मॉडल टाउन से झाड़ली पहुंची एक विवाहिता का 53 दिन बाद भी सुराग नहीं लग सका है। परिजनों को आशंका है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी हत्या कर दी है। इस मामले में उसके परिजन एसपी से भी मिल चुके हैं।
पुलिस को दी गई सूचना में राकेश निवासी झाड़ली ने बताया कि उनकी पुत्री पूजा का विवाह न्यू मॉडल टाउन हिसार के एक व्यक्ति के साथ हुआ है। उनकी पुत्री 22 मई को सुबह 6:30 बजे फोन पर बताया था कि वह घर से निकल चुकी है। वह भिवानी पहुंच चुकी है। इसके बाद से उसकी बेटी से बात नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि पूछने पर पूजा का पति अनिल उनको लगातार गुमराह करता रहा कि वह बाजार गई है या कुछ काम कर रही है। इसके बाद भी पूजा से बात नहीं करवाई। पूजा का फोन झाड़ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचने से पहले ही बंद कर दिया गया था। विवाहिता के भाई हितेश ने आशंका जाहिर करते हुए कहा कि उनकी बहन को ससुराल पक्ष के लोगों ने मार दिया और उन्हें गुमशुदगी के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। इस संबंध में झाड़ली चौकी में 27 मई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई, लेकिन लगभग 2 महीने बीत जाने के बाद भी महिला व उसके पति का कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि उनकी बहन की शादी 2 मई 2022 को हुई थी शादी के तीन महीने बाद ही ससुराल पक्ष के लोग उसको परेशान करने लगे थे और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया था। पति ने उसको 7 महीने तक पीजी में रखा था। जांच अधिकारी ने रविंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया था। अब इस मामले की जांच सीआईए झज्जर कर रही है।