मासूम बच्ची के शव के पोस्टमार्टम के लिए कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के झज्जर जिले के बेरी क्षेत्र थाना बेरी के अंतर्गत आने वाले गांव बाघपुर में अज्ञात कारणों के चलते 9 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत की सूचना बेरी पुलिस को मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के सामान्य अस्पताल भिजवाया गया।
जानकारी के अनुसार गांव शुक्रवार रात बाघपुर निवासी 9 माह की प्राची को उसकी मां ने दूध पिलाकर सुलाया था। कुछ देर बाद बच्ची की दादी ने उसको उठाया तो वह नहीं उठी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में बेरी के नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची के मृत होने की सूचना बेरी पुलिस को दी गई। पुलिस ने बेरी सामान्य अस्पताल में पहुंचकर मासूम के शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय पर स्थित सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया और इतेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव बाघपुर में एक 9 माह की मासूम बच्ची की मौत होने की सूचना मिली थी। मामले में इतेफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। झज्जर के सामान्य अस्पताल में बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा।
- रणबीर सिंह, जांच अधिकारी, बेरी थाना।