बादली। पुलिस किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करें। महिलाओं की शिकायत पर लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। जिला पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अर्पित जैन ने बादली थाना का औचक निरीक्षण करने के बाद थाने के स्टाफ को ये निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। आमजन को सुरक्षा मुहैया करवाना और अपराधियों को सजा दिलवाने के लिए पुलिस को हर सकारात्मक कदम उठाना है। उन्होंने थाना के भवन तथा थाना की व्यवस्थाओं का जायजा लिया जबकि थाना के एमएचसी कक्ष के रिकॉर्ड व शस्त्रागार में रखें हथियारों की जांच की। एसपी जैन ने थाना प्रबंधक के कार्यालय सहित थाना के मालखाना, कंप्यूटर कक्ष का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण करते हुए उन्होंने थाना प्रबंधक को थाना के रिकॉर्ड को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए। मालखाने का निरीक्षण करते हुए उन्होंने माल मुकदमा के मामलों का जल्द से जल्द निपटारे के लिए कहा। सभी कार्य समय अनुसार पूर्ण किए जाएं। थाना में आई किसी भी तरह की शिकायत पर तुरन्त कार्यवाही करके संबंधित अनुसंधानकर्ता को कार्यवाही के लिए सौंपा जाए। इस अवसर पर पुलिस थाना प्रभारी रमेश चंद भी मौजूद रहे।