झज्जर। सोनीपत के बहालगढ़ स्टेडियम में 26 से 29 दिसंबर तक आयोजित हुई राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता में दूबलधन के सोनू पहलवान ने गोल्ड मेडल जीतकर गांव का ही नहीं बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। जानकारी देते हुए कुश्ती कोच मुकेश कुमार ने बताया कि सोनीपत में आयोजित हुई चार दिवसीय ऑल इंडिया सांई कुश्ती प्रतियोगिता जूनियर फ्री स्टाइल 84 किलोग्राम भार में दूबलधन के सोनू पहलवान पुत्र राजकुमार ने पहला स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया है। बताया कि प्रतियोगिता में देश भर के अनेक पहलवानों ने भाग लिया। इससे पहले भी स्कूल नैशनल दिल्ली की कुश्ती प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया और वहीं झारखंड के रांची में भी आयोजित हुई सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में भी दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। सोनू पहलवान ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के साथ कोच मुकेश कुमार व अपने गरूजनों को दिया है। गांव के सरपंच मास्टर महाबीर सिंह, मांगेराम, सुकेश, विक्रम सिंह, रवि कुमार, विरेन्द्र सिंह आदि पंचायत सदस्यों व ग्रामीणों ने सोनू पहलवान को बधाई दी है और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।