बहादुरगढ़। दिल्ली से चलकर भटिंडा जाने वाली सुपरफास्ट ट्रेन का ठहराव बहादुरगढ़ स्टेशन पर न होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दिल्ली रेल मंत्रालय को भी इस गाड़ी के ठहराव के बारे में दैनिक रेल यात्री समिति की ओर से लिखा गया है। रविवार को बहादुरगढ़ पहुंचे रोहतक लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. अरविंद शर्मा को समिति पदाधिकारियों ने समस्या से अवगत कराया और पत्र सौंपकर गाड़ी के बहादुरगढ़ स्टेशन पर ठहराव की मांग की। सांसद की तरफ से आश्वासन दिया गया है।
दैनिक रेल यात्री समिति के प्रवक्ता सतपाल हाडा, अशोक कुमार, अनिल कुमार, सुनील कुमार, विनोद कुमार, राहुल जैन, अमित जैन, अजय गोयल, रमेश यादव व एमएल जैन ने कहा कि यह गाड़ी दिल्ली से चलकर सुबह साढ़े 8 बजे बहादुरगढ स्टेशन से गुजरती है, लेकिन इसका ठहराव दिल्ली से चलने के बाद केवल रोहतक में है। ऐसेे में बहादुरगढ़ से रोहतक जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी होती है। समिति ने रेल मंत्रालय को भी पत्र लिखकर इस गाड़ी के ठहराव की मांग की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि दिल्ली-भटिंडा सपुरफास्ट गाड़ी का ठहराव यदि बहादुरगढ़ में होता है तो यहां से रोहतक जाने वाले छात्रों और अन्य दैनिक यात्रियों को सहूलियत होगी। गाड़ी बहादुरगढ़ स्टेशन पर सुबह साढ़े 8 बजे पहुंचती है जबकि शाम के समय गाड़ी के यहां पहुंचने का समय 7 बजकर 37 मिनट का है। उन्होंने गाड़ी के ठहराव के लिए सांसद डॉ. अरविंद शर्मा को रविवार को बहादुरगढ़ में मांग पत्र सौंपा। उन्होंने समिति पदाधिकारियों को भरोसा दिलाया है कि वे इस गाड़ी के ठहराव के लिए रेल मंत्रालय में बातचीत करेंगे और गाड़ी का ठहराव करवाया जाएगा। यात्रियों को समस्या नहीं आने दी जाएगी।
-