बहादुरगढ़। बादली-बहादुरगढ़ मार्ग पर शनिवार की शाम हादसा हो गया। यहां नयागांव के निकट बाइक सवार चाचा-भतीजा एक कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में चाचा की मौत हो गई, जबकि भतीजा अभी उपचाराधीन है। इस संबंध में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है और सोमवार को पोस्टमार्टम होगा।
मृतक की पहचान करीब 68 वर्षीय धर्मबीर के रूप में हुई है। वह गांव जरदकपुर के रहने वाले थे और खेती-बाड़ी करते थे। धर्मबीर और उसका भतीजा कुलदीप बाइक पर सवार होकर शनिवार की शाम बहादुरगढ़ जा रहे थे। जब नयागांव में डंपिंग स्टेशन के निकट पहुंचे तो सामने से आ रही एक कार के साथ उनकी बाइक टकरा गई। इस हादसे में दोनों को काफी चोट आई। राहगीरों ने उनको संभाला और अस्पताल में ले गए। धर्मबीर की हालत गंभीर थी। उन्हें दिल्ली में एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर एचएल सिटी चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एक टीम बयान लेने के लिए घायल के पास गई, लेकिन वह अनफिट था। इसके बाद परिजनों के बयान लिए गए। घायल कुलदीप के पिता उदय सिंह के बयान पर इस संबंध में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। गाड़ी के नंबर पुलिस को मिल गए हैं। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।