बहादुरगढ़। झज्जर-बहादुरगढ़़ मार्ग पर गांव डाबोदा खुर्द के पास ट्रक की टक्कर लगने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना एचएल सिटी पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने मृतक के चाचा के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मृतक की पहचान डाबोदा खुर्द निवासी योगेंद्र मालिक के रूप में हुई है। योगिन्द्र मलिक बाइक पर सवार होकर बहादुरगढ़ से अपने गांव के लिए चला था। जब वह गांव के सूरजमल स्कूल के पास पहुंचा तो एक ट्रक चालक ने उसकी मोटरसाइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वह मोटरसाइकिल सहित गिर गया और ट्रक का पिछला टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि उसका हेलमेट भी टूट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही एचएल सिटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर वाारिसों को सौंप दिया है।