बेरी। नवरात्र के दिनों में कस्बा बेरी स्थित मां भीमेश्वरी देवी के मंदिर में माथा टेकने और मन्नत मांगने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ रही है। सुबह से ही दर्शन के लिए सैकड़ों भक्तों की भीड़ मां के दरबार में दिख रही है।
उल्लेखनीय हे कि घंटों लाइन में लगने के बाद मां के दर्शन करके भक्तजन पुण्य कमाते हैं। कस्बे में भक्तों की चहलपहल से चारों और माहौल धार्मिक बना हुआ है। सप्तमी व अष्टमी के दिनों भक्तों का यह सैलाब अपने चरम पर होगा। लाखों की संख्या में भक्तजन बेरी कस्बा में पहुंचते हुए मां भीमेश्वरी के दर्शन करते हुए आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
मंदिर के पुजारी कुलदीप वशिष्ठ ने बताया कि छतीसगढ़ और कोलकाता से मां की नौ दिनों की पोशाक सच्चे गोटे से तैयार करवाई है। नवरात्र में मां का खास शृंगार होता है। मां की प्रतिमा का सुबह व शाम अलग-अलग मंदिर मे शृंगार होता है। जबकि महाआरती दोनों ही मंदिरों में सुबह एवं शाम के समय में होती है।
इंसेट
सप्तमी व अष्टमी रहते है विशेष दिन
मां भीमेश्वरी देवी मेले में सप्तमी और अष्टमी के दिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले में किसी प्रकार की अनहोनी न हो, इसके लिए सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए हैं। पूरे मेला परिसर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में है, यातायात व अन्य पहलुओं को लेकर भी किसी प्रकार की कोई परेशानी नही है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की अलग से व्यवस्था की गई है।