पूनम सुहाग को सम्मानित करती विधायक।
साल्हावास। क्षेत्र के गांव मातनहेल निवासी 24 वर्षीय पूनम सुहाग के मिलिट्री नर्सिंग सर्विसेज में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होने पर ग्रामीणों की तरफ से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पूर्व शिक्षा मंत्री व झज्जर से विधायक गीता भुक्कल ने मुख्य अतिथि के तौर पर इसमें शिरकत की। विधायक गीता भुक्कल ने पूनम सुहाग को सम्मानित करते हुए कहा कि मातनहेल की बेटी ने मिलिट्री नर्सिंग सर्विसेज में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होकर हम सब को गौरवान्वित किया है। पूनम सुहाग ने बताया कि 14 जनवरी 2024 को उन्होंने टेस्ट दिया था। उसके बाद 27 मार्च को दिल्ली के बेस हास्पिटल में साक्षात्कार हुआ और दो दिन तक मेडिकल चलने के बाद मदर्स डे पर सूची जारी हुई है, इसमें उन्होंने सफलता अर्जित की है। वे 2 जून को असम के जोराट स्थित एयर फोर्स अस्पताल में रिपोर्टिंग करेंगी। उनकी इस सफलता में उनकी मां सुनीता देवी का संघर्ष सफल रहा है। वह राजकीय विद्यालय मातनहेल में मिड डे मील वर्कर हैं। 12 साल पहले पिता जोगिंदर सिंह का निधन हो चुका है। पूनम सुहाग ने बताया कि मिलिट्री नर्सिंग सर्विसेज में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होने से पहले उन्होंने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के पद के लिए भी चयनित हो गई थी। नर्सिंग ट्रेनिंग का सर्टिफिकेट उस समय उपलब्ध नहीं होने के कारण वे साक्षात्कार में रह गई थी।