बहादुरगढ़। खरहर-भापड़ौदा गांव में पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई पुलिया को शरारती तत्वों ने दोनों तरफ से बंद कर दिया। इससे खरहर गांव के एक हिस्से के खेतों में काफी मात्रा में पानी भर गया और किसानों की फसल खराब हो गई। इसे लेकर खरहर के किसान सरपंच के साथ उपमंडल अधिकारी से मिले और ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने मांग की है कि इस पुलिया को दोनों तरफ से खुलवाया जाए तो पानी निकासी हो सके। अन्यथा उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी होगी। एसडीएम ने उन्हें पुलिया को जल्द से जल्द खुलवाने का आश्वासन दिया है।
गांव खरहर निवासी बलवान सिंह, सुरेश, मोहित, नरेश, कुलदीप, रोहित, मनोज, कृष्ण, श्रीभगवान, योगेंद्र, रमेश व किशन सिंह ने बताया कि गांव खरहर में खरहर से भापड़ोदा रोड पर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा बनाई गई पुलिया को शरारती लोगों द्वारा एक तरफ से मिट्टी भरकर और दूसरी तरफ से सीमेंट, रोडी व क्रेशर आदि का मसाला बनाकर स्थाई तौर से बंद कर दिया गया है। जिसके कारण खरहर गांव के एक हिस्से के खेतों में पानी भर गया और किसानों द्वारा लगाई गई धान की फसल पानी में डूब गई। जिससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गांव खरहर के किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर इन बंद पुलिया को जल्द से जल्द खुलवाने की मांग की। ताकि समय रहते खेतों से पानी की निकासी हो सके और किसानों की धान की फसल बर्बाद होने से बचाई जा सके। एसडीएम ने इस पर उचित कार्रवाई जल्द से जल्द कराने का आश्वासन दिया।