आगामी विधानसभा चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न करवाने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस के साथ एक समन्वय बैठक का आयोजन शहर के विश्राम गृह में किया गया। बैठक में डीएसपी बहादुरगढ़ अजायब सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। कॉर्डिनेशन बैठक में डीएसपी बादली अशोक कुमार, थाना प्रबंधक शहर बहादुरगढ़, सदर बहादुरगढ़, लाइनपार बहादुरगढ़, बादली तथा थाना प्रबंधक आसौदा सहित दिल्ली के कंझावला थाना प्रबंधक, मुंडका, बाबा हरिदास नगर थाना, जाफरपुर थाना व नजफगढ़ थाना के प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर भी चर्चा हुई। साथ ही सूचनाओं के आदान-प्रदान को लेकर भी विचार विमर्श हुआ। बैठक में पुलिस अधिकारियों से चर्चा करते हुए डीएसपी अजायब सिंह ने कहा कि अपराधों की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सूचनाओं को एक-दूसरे से साझा करके आपसी सहयोग किया जाए। इससे समय रहते किसी भी अपराध को होने से पहले ही रोका जा सके। डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि बैठक में विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के मद्देनजर विचार विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्र के किरायेदार व घरेलू नौकरों की वेरिफिकेशन करवाने, संदिग्ध व्यक्तियों के पर्चे अजनबी कटवाने, वांछित उद्घोषित अपराधियों, बेल जंपर, पैरोल जंपर तथा मोस्टवांटेड अपराधियों की धरपकड़ के लिए आपस में चर्चा की गई। झज्जर जिले से दिल्ली बॉर्डर के साथ लगते स्थानों पर नाकाबंदी करना तथा नाकाबंदी पर गहनता से चेकिंग के संबंध में विस्तार पूर्वक बातचीत हुई। इसके अलावा विधानसभा चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने तथा कानून एवं व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के मद्देनजर आपस में तालमेल करने सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर भी व्यापक चर्चा हुई।