साल्हावास। क्षेत्र के गांव खानपुर खुर्द में 21000 हजार दीप जलाकर अखंड भारत का नक्शा बनाकर एकता का संदेश दिया। रात्रि में जागरण के बाद रविवार को दिन में हवन करवाकर भंडारे का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय संगठन के द्वारा किया गया। अमरचंद कौशिक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। आयोजक इंद्र कौशिक रहे। उन्होंने कहा कि समस्त ग्रामीणों के साथ-साथ बच्चों का विशेष कर योगदान रहा। अखंड भारत के नक्शे के बीच भारत माता का झंडा लगाया गया और नक्शे के अंदर श्री राम मंदिर अयोध्या की रंगोली बनाई गई । साथ ही भगवा ध्वज भी लहराता दिखाई दिया। रंगोली से जय हिंद भी लिखा गया और यहां पर एक अखंड ज्योति भी नक्शे में रंगोली के माध्यम से प्रदर्शित की गई। अखंड भारत के नक्शे में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, तिब्बत, भूटान, म्यांमार, बांग्लादेश, श्रीलंका, मलेशिया, फिलीपिंस, थाईलैंड, दक्षिण वियतनाम, कम्बोडिया, इंडोनेशिया सहित कई देशों को दर्शाया गया। इंद्र कौशिक ने बताया कि मौजूदा भारत के अलावा अन्य देशों की प्राचीन संस्कृति ज्ञान विज्ञान सब एक जैसे रहे हैं। इस अवसर पर अमरचंद कौशिक, इंद्र कौशिक, रामलीला मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कृष्ण, माँ भवानी मंदिर पुजारी मोनू पंडित, पवन गहलावत, राज, पोंटी गहलावत, शुक्रिया, दिव्य, जगदीश, अनिल, बलजीत पुजारी आदि मौजूद रहे।