गांव मांडोठी में किया गया विजेता खिलाड़ियों का स्वागत।
बहादुरगढ़। लुधियाना के गुरु नानक स्टेडियम में आयोजित हुए 67वें नेशनल स्कूल गेम्स की कराटे स्पर्धा में बहादुरगढ़ के मांडोठी गांव की पायल दलाल ने स्वर्ण पदक और कैलाश दलाल कांस्य पदक जीतकर गांव व जिले का नाम रोशन किया। उनका गांव में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर भाजपा नेता सतीश नंबरदार ने गांव में पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
कराटे कोच इशांत राठी ने बताया की पायल और कैलाश दोनों पिछले पांच साल से कराटे टेंपल बहादुरगढ़ में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होने बताया कि 6 से 11 जनवरी को लुधियाना पंजाब में 67वें नेशनल स्कूल गेम्स हुए। इसमें पायल ने लड़कियों के 56 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। जबकि कैलाश ने लड़को के 74 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया। पायल व कैलाश के पिता शमशेर दलाल ने बताया कि पायल राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांडोठी में 12वीं कक्षा की छात्रा हैं। वहीं कैलाश गलेक्सी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुपनियां में 12वीं कक्षा का छात्र है। उन्होंने बताया कि पायल ने हाल ही में नेपाल में हुई 7वीं साउथ एशियाई कराटे चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। 21वीं एशियाई कराटे चैंपियनशिप में पायल ने देश का प्रतिनिधित्व किया था।