झज्जर। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा आम चुनाव के तहत जिले में 5 अक्तूबर को मतदान के दिन शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी।
जिला में विधानसभा आम चुनाव के अंतर्गत 5 अक्टूबर को होने वाले मतदान के दिन 8 लाख 17 हजार 255 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसमें 4 लाख 35 हजार 563 पुरुष तथा 3 लाख 81 हजार 679 महिला मतदाता हैं। सबसे ज्यादा बहादुरगढ़ विधानसभा में 2 लाख 47 हजार 141 मतदाता तथा सबसे कम मतदाता बेरी विधानसभा में एक लाख 86 हजार 219 है। इसके अलावा बादली विधानसभा में मतदाताओं की संख्या एक लाख 90 हजार 224 और झज्जर विधानसभा में मतदाताओं की संख्या एक लाख 93 हजार 671 है।
विधानसभा चुनाव के दौरान सभी चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में एक-एक विशेष मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एक-एक बूथ पर मतदान के दिन महिला कर्मी, एक बूथ पर विकलांगकर्मी और एक-एक बूथ पर युवा,एक-एक आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल मिलाकर प्रत्येक विधानसभा में चार मतदान केंद्रों के हिसाब से नामत: पिंक ,युवा,आदर्श और दिव्यांग बूथ मिलाकर 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।