झज्जर। शहर व आसपास के क्षेत्र का मौसम बुधवार को एक बार फिर बदल गया। बुधवार अल सुबह हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई तो दोपहर को तेज धूप निकलने से गर्मी व उमस ने लोगों को परेशान किया। हालांकि मौसम विभाग ने अभी एक सप्ताह तक बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। पिछले 24 घंटे में झज्जर में 26.1 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा बेरी में 17, मातनहेल में चार और साल्हावास में 19 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं बुधवार की अल सुबह भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे सुबह 11 बजे तक बादलवाई छाई रही। उसके बाद लगभग 12 बजे हल्की धूप निकल आई। जैसे-जैसे समय बढ़ा तो तेज धूप निकल आई। धूप के चलते शाम तक गर्मी व उमस का वातावरण बना रहा। गर्मी के चलते लोगों को परेशानी हुई। मौसम विशेषज्ञों की माने तो अगले कुछ दिन तक बारिश की संभावना है।