बहादुरगढ़। शहर के किला मोहल्ला स्थित स्व. लक्ष्मणदास बतरा म्युनिसिपल पार्क देखरेख के अभाव में अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। पार्क में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। वहीं पार्क में बने शौचालय गंदगी से अटे पड़े हैं, जिससे उठती दुर्गंध के कारण लोगों ने इस पार्क से दूरी बनानी शुरू कर दी है। जिस संस्था के पास पार्क की देखरेख का ठेका है वह भी पार्क के सुधारीकरण की दिशा में कोई कदम नहीं उठा रही। ऐसे में यहां के निवासियों में प्रशासन के प्रति खासा रोष है।
एडवोकेट विपिन, जगदीश खुराना, नीटू बतरा, मास्टर मोहनलाल, ओमप्रकाश ढींगड़ा, राजेश भारद्वाज, वीरू, मोहनलाल चावला, किशनलाल, दलबीर यादव, भगवानदास, किशोरीलाल बंटी ने बताया कि पार्क में जगह-जगह गंदगी पड़ी हुई है। पार्क में बनी चहारदीवारी कई स्थानों से टूट चुकी है और पार्क में बने शौचालय गंदगी से अटे पड़े हैं। यहां तक की शौचालय के दरवाजों भी टूट चुके हैं। शौचालय में पानी का कोई कनेक्शन तक नहीं है। इसके कारण यहां सैर के लिए आने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। पार्क के सुधारीकरण के लिए कई बार नगर पार्षद प्रीति भूपेंद्र राठी द्वारा लिखा जा चुका है। यहां तक कि नगर परिषद की बैठक में भी स्व. लक्ष्मणदास बतरा म्युनिसिपल पार्क सहित वार्ड-15 के सभी पार्कों के सुधारीकरण एवं नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव भी पारित करवाया जा चुका है। बावजूद इसके फिर भी पार्कों की हालत बद से बदतर है। ऐसे में लोगों में प्रशासन के प्रति काफी रोष है। लोगों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जल्द ही पार्क का सुधारीकरण कराया जाए, ताकि यहां आने वाले लोगों को कुछ राहत मिल सके।