बहादुरगढ़। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। प्रत्येक वर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। आए दिन लूट, चोरी, डकैती व महिला अपराधों की संख्या में इजाफा हो रहा है, लेकिन भाजपा सरकार केवल लोगों को लुभावने वायदे कर बरगलाने का काम कर रही है। जनता के हितों से भाजपा का कोई सरोकार नहीं है।
हाल ही में शहर के किला मोहल्ला में एक ज्वेलर्स की दुकान पर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। जिसमें तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर लाखों रुपये की लूट की और दुकान मालिक को गंभीर रूप से घायल कर दिया, लेकिन अब तक अपराधी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। नफे सिंह राठी ने आज पीड़ित व्यापारी के निवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें पूरी मदद करने का भरोसा दिलाया। व्यापारियों ने भी इस संदर्भ में उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंप कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला।