राई (सोनीपत)। बहालगढ़ स्थित गणपति ढाबा के पास ट्रैफिक थाना, मुरथल पुलिस ने कार चालक को 28 पेटी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बहालगढ़ थाना पुलिस ने जांच के बाद युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
बहालगढ़ थाना के एसआई हरेंद्र ने बताया कि रविवार रात को मुरथल ट्रैफिक थाना पुलिस ने सूचना दी कि गाड़ियों की जांच के दौरान कार सवार युवक को शराब की पेटियों के साथ पकड़ा गया है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार की तलाशी ली तो उसमें से 22 पेटी देसी और छह पेटी अंग्रेजी शराब मिली। कार सवार शराब को लेकर कोई कागजात पेश नहीं कर सका। कार चालक युवक ने अपनी पहचान नई दिल्ली कैंट के सागरपुर रोड स्थित ब्रह्मपुरी निवासी कुलदीप के रूप में दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारी संजीत कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में युवक ने बताया कि वह शराब को सोनीपत के गोदाम से लेकर आया था। वह उसे दिल्ली में सप्लाई करने जा रहा था। बहालगढ़ थाना प्रभारी ऋषिकांत ने कहा कि पता लगाया जाएगा कि वह शराब को कहां लेकर जा रहा था। वह कब से शराब तस्करी से जुड़ा है।